Saturday, November 14, 2015

अलीगढ़ दंगे में मारे गए गौरव के परिजनों ने की इखलाख के बराबर मुआबजे की मांग

अलीगढ़ (सं.सू.)। अलीगढ़ के बवाल में घायल गौरव की कल मौत के बाद शहर का माहौल बिगड़ गया है। आज गौरव के परिवार के लोग धरना पर बैठे हैं। इनकी मांग गौरव की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ नोएडा के दादरी के इकलाख के बराबर मुआवजा तथा सरकारी नौकरी की है।

अलीगढ़ के संवेदनशील देहलीगेट इलाके में परसों भड़के सांप्रदायिक दंगे में गोली लगने से घायल गौरव (22) की कल दोपहर मौत हो जाने से गुस्साई भीड़ ने फायरिंग और पथराव किया। अफसरों से परिजनों की तीखी झड़प हुई। डीएम डॉ. बलकार सिंह ने 10 लाख रुपये का चेक पीडि़त मां को सौंपा है। घायलों का इलाज भी मुफ्त में होगा लेकिन मृतक के परिजन दादरी में मारे गए इकलाख के परिजनों की तरह 40 लाख रुपये मांग रहे हैं। भाजपा सांसद राजवीर सिंह, सतीश गौतम और महापौर शकुंतला भारती ने भी इस परिवार की मांग का समर्थन किया है।

उधर कल देहलीगेट थाने के दारोगा रामदेव यादव ने दोनों पक्षों के 45 नामजद समेत 1000 के खिलाफ बलवा, आगजनी, पथराव, फायरिंग जैसी संगीन धाराएं लगाई हैं। मृतक गौरव के तहेरे भाई राजेश खन्ना ने सात नामजद व चार-पांच अन्य के खिलाफ छेडख़ानी, बलवा, जानलेवा हमले, आगजनी, पथराव की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। रिपोर्ट में राजेश खन्ना ने कहा है कि छेडख़ानी का विरोध करने पर उसके परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। अफसरों ने घंटों की मनौवल के बाद कल देर शाम गौरव के शव का अंतिम संस्कार करा दिया।

पुलिस ने पुराने शहर में एंट्री के सभी प्वाइंट्स पर नाकेबंदी कर आधा दर्जन से ज्यादा बाजार बंद करा दिए हैं। देर रात आइजी डीएन मिश्रा ने प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। चार जिलों की फोर्स के साथ दो कंपनी आरएएफ और पीएसी लगाई गई है। जुमे की नमाज शांति से निबटने पर अफसरों ने राहत की सांस ली।

मालूम हो कि परसों देहलीगेट थाने के पास कैलाश गली में छेडख़ानी पर हुए विवाद ने साम्प्रदायिक दंगे का रूप ले लिया था। जमकर आगजनी हुई और फायरिंग व पथराव में सात लोग घायल हुए थे।

No comments: