Sunday, November 15, 2015

कोलकाता से आईएसआई का संदिग्ध एजेंट गिरफ्तार!

कोलकाता (सं.सू.)। कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शनिवार की शाम कोलकाता से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट होने के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम अख्तर खान उर्फ मोहम्मद जावेद उर्फ राजू (51) है। एसटीएफ उससे कड़ी पूछताछ कर रही है। रविवार को अख्तर को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

कोलकाता के संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) राजीव मिश्रा ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से ख्रबर मिली थी कि संदिग्ध आतंकी मध्य कोलकाता के कोल्हूटोला इलाके में आया हुआ है। खबर पाकर एसटीएफ की टीम ने अभियान चलाया और अख्तर को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि अख्तर के पास से 1 लाख 72 हजार 5 सौ रुपए के नकली नोट और उसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध होने की ओर संकेत कर रहे कई महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए गए हैं। उनकी जांच की जा रही है। अख्तर पर भारतीय दंड विधान (भा.द.वि) की धारा 120बी/121/121ए/122/489बी/489सी के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल वे इससे अधिक कुछ नहीं बता सकते।

कोलकाता पुलिस सूत्रों के अनुसार अख्तर के पास से मिले कागजातों की जांच में इस तरह के संकेत मिले है कि वह देश की सुरक्षा से संबंधित सूचनाएं आईएसआई को देता था। अख्तर लम्बे समय से कोलकाता में रह रहा था। बीच-बीच में बंगाल के अनेक जिलों व पड़ोसी देशों में भी आना जाना करता था। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि अख्तर कोलकाता अथवा बंगाल में आतंकी संगठन के लिए युवकों की नियुक्ति करने का काम में संलिप्त था अथवा नहीं।

सूत्रों के अनुसार अख्तर पाकिस्तानी नागरिक है। पहली बार 1985 में कोलकाता आया था। फिर बीच में पाकिस्तान गया था और वहां आईएसआई से प्रशिक्षण लेकर दोबारा 2008  में नेपाल सीमा के रास्ते बंगाल में दाखिल हुआ था। तब से कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाका स्थित कॉलिन स्ट्रीट में रहता था। सम्भवत: यहां उसकी पत्नी और बच्चे भी रहते हैं। अख्तर कोलकाता के एक बार में काम करता था। हालांकि कोलकाता पुलिस आधिकारिक तौर पर इस बारे में कुछ नहीं बोल रही है।

कोलकाता पुलिस को महानगर अथवा राज्य में अख्तर के और कई साथियों के छुपे होने की आशंका है। कोलकाता पुलिस उनके बारे में पता लगाने व दबोचने के प्रयास में जुट गई है।

No comments: