Saturday, November 14, 2015

वेम्‍बले में बोले ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन, पीएम मोदी के नेतृत्‍व में जरूर आएंगे अच्‍छे दिन

लंदन (सं.सू.)। लंदन के वेम्बले में भारतीय समुदाय को संबोधित करने से पहले पीएम मोदी की ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने अगवानी की। वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कैमरन ने 'अच्‍छे दिन' के नारे को भी दोहराया।

उन्‍होंने कहा, अच्‍छे दिन आने वाले हैं, मोदी के नेतृत्‍व में अच्‍छे दिन जरूर आएंगे। कैमरन ने कहा कि किसी को भरोसा नहीं था कि एक चाय वाला विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का प्रधानमंत्री हो सकता है। लेकिन उन्होंने ऐसा करके दिखाया। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय समुदाय के लोग आज जिस तरह ब्रिटेन में सांसद और मंत्री बन रहे हैं, ऐसे में वह दिन दूर नहीं जब एक ‘इंडियन ब्रिटिश’ ब्रिटेन का प्रधानमंत्री होगा।

कैमरन ने मोदी की ब्रिटेन यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ब्रिटेन में लगभग 15 लाख भारतीय मूल के लोग हैं जो हमारी सड़कों पर पुलिस के तौर पर सुरक्षा प्रदान करते हुए, अस्पतालों में सेवा प्रदान करते हुए, सभी क्षेत्रों में योगदान देते हुए देखे जा सकते हैं जो अपनी उद्यमिता और कड़ी मेहनत के लिए जाने जाते हैं।

उन्होंने कहा, 'इस साल ब्रिटेन में चुनाव हुए हैं और जो भारत की तरह विशाल तो नहीं हैं लेकिन पिछले चुनाव की तुलना में भारतीय मूल के लोग कहीं ज्यादा चुनकर आए हैं। वह दिन दूर नहीं जब एक इंडियन ब्रिटिश, ब्रिटेन का प्रधानमंत्री होगा।' प्रधानमंत्री कैमरन ने मोदी की यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, 'जब संयुक्त राष्ट्र की बात आती है तब आप जानते हैं क्या होने की जरुरत है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थाई सदस्य बनने की।'

No comments: