Monday, November 16, 2015

ISIS ने दी अमेरिका पर हमले की धमकी

नई दिल्ली (सं.सू.)। पेरिस पर आतंकी हमला करने वाले आतंकी संगठन आईएस ने अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में हमले की धमकी दी है।

आंतकी संगठन इस्लामिक स्टेट -ISIS की तरफ से जारी किए गए एक वीडियो में धमकी दी गई है कि जिस तरह से फ्रांस के घर में घुसकर हमला किया गया उसी तरह अमेरिका के वॉशिंगटन में भी हमला किया जाएगा। वीडियो में उन देशों पर भी हमले की चेतावनी दी है जो इराक और सीरिया में आईएस के ठिकानों पर हवाई हमला कर रहे हैं। आईएस ने धमकी दी है कि उनका भी हाल पेरिस जैसा कर दिया जाएगा। पेरिस हमले में 129 लोगों की मौत हो गई थी।

पेरिस हमले पर अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी।

उधर फ्रांस के प्रधानमंत्री ने भी खुलासा किया है कि फ्रांस समेत यूरोप के कई देशों में हो सकते हैं नए हमले।

पेरिस अब भी शुक्रवार के आतंकी हमलों से उबर नहीं पाया है। शहर में सन्नाटा है और पूरा शहर सुरक्षाबलों के हवाले है। इस बीच फ्रांस के प्रधानमंत्री मेनुअल वाल्स ने खुफिया सूचनाओं का हवाला देते हुए कहा है कि आतंकी अभी और धमाके कर सकते हैं।

उनके मुताबिक छापे, पूछताछ और गिरफ्तारियां जारी है। अब तक 12 संदिग्ध पकड़े जा चुके हैं। इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति ने दावा किया था कि हमले की साजिश सीरिया में रची गई। हमले का बदला लेने के लिए फ्रांस ने सीरिया में आतंकियों के ठिकानों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं।

पेरिस पर हुए हमले में 129 लोगों की मौत हो चुकी है। पूरी दुनिया में इस हमले की निंदा हुई है।

No comments: