Friday, November 13, 2015

इस्लामाबाद में सलमान खुर्शीद ने की PAK की तारीफ, भारत सरकार पर साधा निशाना

इस्लामाबाद (सं.सू.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने इस्लामाबाद में दिए अपने एक बयान में भारत-पाक रिश्तों पर भारत सरकार के रवैये को गलत ठहराया।

खुर्शीद ने कहा कि पाकिस्तान के अमन के पैगाम का भाजपा की अगुआई वाली सरकार ने सही जवाब नहीं दिया और साथ ही आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पाकिस्तानी सेना की तारीफ की।

खुर्शीद ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की यह दूर की सोच थी कि वे मई 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान से दिल्ली आए। नवाज का यह बेबाक फैसला उनकी हिम्मत को दिखाता है। मोदी सरकार को यह समझना था।

खुर्शीद ने कहा, कांग्रेस जब सरकार में थी तब भी भाजपा इस बात के लिए दबाव बनाती थी कि पाकिस्तान के साथ रिश्ते सामान्य न रहें। भाजपा ने पाकिस्तान को लेकर सख्त रवैया अपनाया है।

प्रधानमंत्री मोदी अब भी स्टेट्समैन बनने के गुर सीख ही रहे हैं। मोदी सरकार को इस बात का साफ तौर पर अंदाजा नहीं है कि उसे पाकिस्तान या बाकी किसी देश के साथ कैसे रिश्ते रखने हैं? एक कामयाब और स्थिर पाकिस्तान ही भारत के लिए बेहतर है।

गौरतलब है कि इस्लामाबाद का जिन्ना इंस्टीट्यूट हर साल अलग-अलग विषयों पर स्पीच कराता है। इस बार बतौर स्पीकर खुर्शीद को न्योता दिया गया था। खुर्शीद के स्पीच के वक्त वहां कई देशों के एंबेसेडर मौजूद थे।

No comments: