इंदौर (सं.सू.)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय द्वारा शाहरुख के खिलाफ दिए गए बयान से मचा बवाल अभी थामा भी नहीं था कि भाजपा के फायर बांड लीडर और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उन पर निशाना साध दिया।
गुरुवार को इंदौर यात्रा के दौरान पत्रकारों से चर्चा में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यदि शाहरुख का मन किसी और देश में है तो वे अपना तन भी वहीं ले जाएं। इंडिया को धर्मशाला नहीं समझें। उन्होंने ये बात इंडो जर्मन टूल रूम में अपने मंत्रालय के विभागीय अधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा में कही। यह माना जा रहा है कि उन्होंने भी ये बातें पाकिस्तान के सन्दर्भ में कही हैं।
शाहरुख के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए बिहार के भाजपा नेता ने कहा कि शाहरुख को अब संभल जाना चाहिए। उन्हें ये समझना चाहिए कि वे भारत में रह रहे हैं, यदि वे किसी दूसरे देश में होते तो क्रिकेट विवाद के मामले में अभी भी कानूनी दांव पेंचों में उलझे रहते।
सोमवार को 50वें बर्थडे पर बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान ने भी देश के माहौल को लेकर चिंता जताई थी। शाहरुख ने कहा था, ''देश में इन्टॉलरेंस बढ़ रहा है। ऐसे में, अगर मुझे कहा जाता है तो एक सिम्बॉलिक जेस्चर के तौर पर मैं भी अवॉर्ड लौटा सकता हूं।'' उन्होंने कहा- देश में कट्टरता तेजी से बढ़ी है।
No comments:
Post a Comment