Sunday, November 15, 2015

मोदी के इमरान ने कहा,भारत महान है और महान रहेगा

नई दिल्ली (सं.सू.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तारीफ़ हासिल करने वाले इमरान ख़ान का कहना है कि भारत में निगेटिव चीजों को ज़्यादा उछाला जाता है।

राजस्थान के अलवर के रहने वाले इमरान ख़ान तब सुर्खियों में आ गए जब अपनी ब्रिटेन यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका जिक्र किया।

बीबीसी से बातचीत में इमरान ने कहा, “पॉजिटिव एनर्जी अधिक है इसीलिए तो हम तरक्की कर रहे हैं। लेकिन निगेटिव चीजें ज़्यादा उछलती हैं।”

उन्होंने कहा कि भारत महान है और यहाँ पॉजिटिव एनर्जी हमेशा निगेटिव एनर्जी से अधिक रही है।

मीडिया में उछल रहे असहिष्णुता के मुद्दे पर उन्होंने कहा, “मैं इतना ही कहूँगा, हमारा देश महान है और महान ही रहेगा, यहाँ पर ये सब आते-जाते रहेंगे, इससे फ़र्क नहीं पड़ता।”

पीएम मोदी ने लंदन के वेम्बले में इमरान की उपलब्धियों का जिक्र किया था।

दरअसल, मोदी ने भारत और ब्रितानी मीडिया में उठ रहे असहिष्णुता के मुद्दे का सीधे तौर पर जिक्र तो नहीं किया था, लेकिन राजस्थान के अलवर ज़िले के इमरान खान का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा था, “राजस्थान में अलवर करके एक ज़िला है। वहां इमरान ख़ान नाम का एक व्यक्ति रहता है। ये इमरान खान शिक्षा के लिए समर्पित हैं। अलवर जैसे छोटे स्थान के इमरान ने मोबाइल की 50 ऐप बनाए हैं। इमरान ने ये 50 ऐप विद्यार्थियों के नाम मुफ्त में समर्पित भी कर दिए हैं। मेरा हिंदुस्तान अलवर के उस इमरान ख़ान में बसता है।”

इमरान ने 52 एंड्रायड ऐप बनाए हैं, जो स्कूली बच्चों के लिए बनाए गए हैं।

इमरान ने कहा, “पाँच साल पहले ही 2010 में पहली बार कंप्यूटर के संपर्क में आया। कुछ समय गेम खेलता रहा। फिर वेबसाइट बनाने लगा। फिर मैंने कुछ मेहनत कर पहला ऐप एनसीईआरटी लर्न साइंस बनाया और इसके बाद ये सिलसिला आगे बढ़ता रहा।”

इमरान ने बताया कि ऐप तैयार करने या कंप्यूटर की कोई ट्रेनिंग कहीं से नहीं ली।

इमरान ने कहा कि शिक्षा से जुड़े ऐप इसलिए बनाता हैं क्योंकि वे ख़ुद एक शिक्षक हैं। दूसरा ये कि हिंदी माध्यम में अभी प्ले स्टोर पर बहुत ऐप नहीं हैं। इसलिए अधिकतर ऐप हिंदी में तैयार किए हैं।

No comments: