Tuesday, November 17, 2015

आजम खान ने ओबामा को दी धमकी

नई दिल्ली (सं.सू.)। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के बयान पर न सिर्फ कड़ा ऐतराज जताया है बल्कि उनको इसके लिए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी है। आजम खान ने ओबामा के बयान को अफसोसनाक बताते हुए कहा कि वह ऐसा कहकर दुनिया को जंग के रास्ते पर ले जा रहे हैं और दुनिया के सबसे ताकतवर आदमी को दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी के बारे में ऐसा नहीं कहना चाहिए था।
श्री खान ने कहा कि ओबामा के बयान के बाद वे डर रहे हैं कि न जाने किधर से कोई मिसाईल या बम आएगा और न जाने किस बस्ती को तबाह कर देगा।
आजम ने कहा कि जो कुछ ओबामा ने मुसलमानों और इस्लाम के बारे में पहले कहा था वह उनकी पॉलिटिक्स थी और वह जो अब कह रहे हैं वह उनकी प्लानिंग है और उनको इसका परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।
गौरतलब है कि अमेरिकी प्रेजिडेंट बराक ओबामा ने सोमवार को कहा था कि आईएस 'शैतान का चेहरा' है। उन्होंने कहा कि उनका आखिरी मकसद है इस 'बर्बर आतंकी संगठन' का खात्मा करना। ओबामा ने कहा कि दुनिया भर के मुस्लिम नेताओं को खुद से गंभीर सवाल पूछने चाहिए। उन्हें पूछना चाहिए कि आखिर ऐसी कट्टरपंथी और अतिवादी विचारधाराएँ जन्म कैसे ले रही हैं।

No comments: